कहा, ‘सरहद पर तैनात जवानों के जोश और जुनून पर हम सबको गर्व’, बदरीनाथ धाम के दर्शन भी किए–
जोशीमठ: राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (सेनि.) बृहस्पतिवार को सुबह करीब ग्यारह बजे हेलीकॉप्टर से चीन सीमा क्षेत्र मलारी पहुंचे। राज्यपाल ने यहां आईटीबीपी, आर्मी और सीमा सड़क संगठन के जवानों और अधिकारियों से मुलाकात की। आईटीबीपी कैंपस में जवानों का हौंसला बढ़ाते हुए राज्यपाल ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में हमारे जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। सरहद पर तैनात जवानों के जोश और जुनून पर हम सबको गर्व है।
उन्होंने सीमा की रक्षा में तत्पर आईटीबीपी, सेना व बीआरओ के जवानों व अधिकारियों के साथ मुलाकात की। राज्यपाल ने कहा कि सीमांत वासी हमारे सीमा प्रहरी हैं। सीमा पर बसे गांवों को सुरक्षित रखे बिना हम अपनी सीमाओं को सुरक्षित नहीं रख सकते। वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने भगवान बदरीनाथ के दर्शन व पूजा करते हुए देश और प्रदेश की सुख समृद्धि व खुशहाली की कामना की। बदरीनाथ मंदिर परिसर में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने राज्यपाल को बदरीनाथ भगवान का अंगवस्त्र, तुलसी माला व प्रसाद भेंट किया। बदरीनाथ दर्शनों के बाद राज्यपाल ने बीआरओ के गेस्ट हाउस में बदरीनाथ मास्टर प्लान महायोजना के तहत संचालित हो रहे कार्यों की प्रगति के संबंध में भी जानकारी ली।


