वैज्ञानिकों से मिलेंगे सीमांत क्षेत्र के बाल वैज्ञानिक, तारामंडल भी देखेंगे, विज्ञान से संबंधित जिज्ञासा भरे सवाल पूछेंगे–
चमोली: सीमांत क्षेत्र के बाल वैज्ञानिकों के लिए खुशखबरी है। नौ और दस अक्टूबर को राज्य स्तरीय द्वितीय सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव इस बार गोपेश्वर में आयोजित होगा। पिछले साल यह महोत्सव नवंबर महिने में चंपावत में आयोजित हुआ था।
पर्वतीय जनपदों के दुर्गम क्षेत्राें के विद्यालयों में पठन-पाठन कर रहे बाल वैज्ञानिकों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने की यह पहल की जा रही है। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद(यूकॉस्ट) के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में बाल वैज्ञानिक देश के वैज्ञानिकों से भी मिलेंगे और जिज्ञासा भरे सवाल पूछेंगे। साथ ही तारामंडल भी देखेंगे। चमोली का शिक्षा विभाग भी महोत्सव की तैयारियों में जुट गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के सभागार में बाल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यूकॉस्ट के लोग भी आज चमोली पहुंच जाएंगे।