गोपेश्वर में पहली संयुक्त वार्ता में एकजुटता का दिया संदेश, जनपद के कई नेता हुए शामिल-5
गोेपेश्वर: इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के पदाधिकारियों ने रविवार को एक बैठक आयोजित कर लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन किया। इस दौरान कांग्रेस के साथ ही भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) और आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने गढ़वाल संसदीय सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी गणेश गोदियाल का समर्थन किया। बैठक में इंडिया गठबंधन के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर में विपक्ष के नेताओं पर जिस तरह से भ्रष्टाचार के नाम पर ईडी, सीबीआई और ईसी के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है, यह लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश है।
हाल में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और इससे पूर्व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी इसका उदाहरण है। लोकतंत्र पर चौतरफा हमला किया जा रहा है। इसका विरोध किया जाएगा। भाकपा माले के राज्य सचित इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि एक दशक से सत्तासीन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश के लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा बन गई है। इसलिए मतदान की ताकत से इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि प्रदेश की तमाम समस्याओं को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। देश में महंगाई, बेरोजगारी बेलगाम हो गई है। केंद्र व राज्य सरकारें भ्रष्टाचार में ढूबी हैं। हर साल दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने का वायदा भी सरकार का झूठा साबित हुआ है। अग्निवीर योजना, पुरानी पेंशन, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर इंडिया गठबंधन के पदाधिकारियों ने सरकार को घेरा।
इस मौके पर माकपा के जिला सचिव भोपाल सिंह रावत, भाकपा के जिला सचिव भरत सिंह कुंवर, भाकपा के गढ़वाल सचिव अतुल सती, कमल रतूड़ी, कुलदीप सिंह नेगी, संदीप झिंक्वाण, विकास जुगरान सहित कई पार्टियों के पदाधिकारी शामिल हुए।