कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता लखपत बुटोला ने किया क्षेत्र भ्रमण, कहा, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हैं संपर्क में, कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा उपचुनाव पर की चर्चा–
गोपेश्वर: बदरीनाथ विधानसभा के अंतर्गत मंडल घाटी में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर बैठक कर विधानसभा में जीत के लिए बैठक आयोजित की। कार्यकर्ताओं को अभी से चुनाव प्रचार में जुट जाने का आह्वान किया गया। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व चमोली के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लखपत बुटोला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घाटी में गांव-गांव भ्रमण किया। इस दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

लखपत बुटोला ने कहा कि कई भाजपा कार्यकर्ता उनके संपर्क में हैं, बदरीनाथ के पूर्व विधायक के भाजपा में शामिल होने से अधिकांश भाजपा कार्यकर्ता क्षुब्ध हैं। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सजवाण, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह पंंवार, रविंद्र बर्त्वाल आदि कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने का संकल्प लिया। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता लखपत बुटोला ने मंडल घाटी में हुई बैठक में कहा कि सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भी हमारे संपर्क में हैं। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक से भाजपा में उथल-पुथल मची हुई है। कांग्रेस ने आज तक जनता का भला ही किया है और आगे भी जनता के हित के लिए संघर्ष किया जाएगा। भाजपा में वन मेन आर्मी की परिपाटी चल रही है, जबकि कांग्रेस सबको साथ लेकर चल रही है। जनता मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है।