विधायक निधि में बिना काम किए कर दिया दो लाख रुपये का भुगतान, प्रशासन ने की जांच तो सामने आई हकीकत–
गोपेश्वर, 09 जनवरी 2025: पोखरी विकास खंड में विधायक निधि में घोटाला हुआ है। प्रशासन की जांच में घोटाले की पुष्टि हुई है। विधायक निधि में दो लाख के गबन का मामला सामने आया है।
बदरीनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने चार दिसंबर 2024 को पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत नैलऐथा में विधायक निधि से सार्वजनिक कक्ष के जांच के संबंध में प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा था। जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मामले की जांच की गई तो धरातल पर कोई भी कार्य नहीं पाया गया। जबकि दो लाख 401 रुपये का भुगतान किया गया है। इस पैसे की वसूली इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों से की जाएगी।
इसमें तत्कालीन खंड विकास अधिकारी पन्ना लाल से कुल भुगतान की गई धनराशि का 20 प्रतिशत (40 हजार 80 रुपये), जबकि तत्कालीन कनिष्ठ अभियंता नारायण प्रसाद टम्टा से 40 प्रतिशत (80 हजार 160 रुपये) व तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी महावीर लाल बैनोला से 40 प्रतिशत धनराशि (80 हजार 160 रुपये) की वसूली की जाएगी।
जिला विकास अधिकारी ने पोखरी के खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि तीनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए वसूली की धनराशि को राजकोष में जमा करवाना सुनिश्चित करें।


