यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड, मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले अपने विवाह का कराया पंजीकरण–
देहरादून, 27 जनवरी 2025: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिसूचना का अनावरण कर यूसीसी पोर्टल का शुभारंभ किया। यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। अब उत्तराखंड में हर व्यक्ति के सांविधानिक और नगरिकअधिकार एक समान हो गए हैं। यूसीसी लागू होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले अपने विवाह का पंजीकरण करवाया।
मुख्यमंत्री ने अपनेे संबोधन में कहा कि यूसीसी नाम की गंगा को लाने में देवभूमि की जनता का अहम योगदान रहा है। इसका अनुसरण अब अन्य राज्यों में भी होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो तीन वर्ष पहले संकल्प लिया था, वह आज पूरा हो गया है। उत्तराखंड में यूसीसी लागू कर सरकार ने संविधन निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को सच्ची भावांजलि दी है। कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान 21 फरवरी 2022 को उन्होंने यह संकल्प लिया था। आज यह संकल्प पूरा हो गया है।
यूसीसी लागू होने के बाद अब विवाह, तलाक, लिव इन, विरासत आदि का पंजीकरण अनिवार्य हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लिव इन संबंधों के कारण पहले झगड़े होते थे। कई बार नौबत यहां तक आ जाती थी कि एक पक्ष दूसरे की हत्या भी कर देते थे। इसके लिए उन्होंने दिल्ली में हुई श्रद्धा वाल्कर की हत्या का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण होने के बाद ऐसे लोगों की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाएंगी। वह अपने रिश्ते को गुपचुप तरीके से नहीं रख पाएंगे। ऐसे में यदि कोई विवाह हुआ तो कोई बहन श्रद्धा वाल्कर नहीं बनेगी।