चमोली: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर नंदानगर का युवक हुआ गायब, एसपी से की सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग–
घांघरिया से 29 जून को लापता हो गया था मनोज, एसपी से मिले जनप्रतिनिधि और परिजन–
गोपेश्वर, 09 जुलाई 2025: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर नंदानगर विकास खंड के बांजबगड़ गांव का 22 साल का युवक मनोज बिष्ट लापता हो गया। परिजन क्षेत्र में मनोज की ढूंढखोज में लगे हैं, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है। बुधवार के नंदानगर के जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार से भेंट कर मनोज की ढूंढखोज के लिए सर्च ऑपरेशन शुरु करने की गुहार लगाई है।
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कठैत के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक से मिले लोगों ने कहा कि बीते 29 जून से मनोज घांघरिया से लापता चल रहा है। वह घोड़े, खच्चरों के जरिए अपना रोजगार चला रहा था।

मनोज बिष्ट का अपने मालिक पुलना गांव निवासी देवेंद्र सिंह चौहान के साथ लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों थाना गोविंदघाट भी गए थे, पुलिस के सामने समझौता भी हो गया था, परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि मनोज के फोन पर पांच जून तक भी संपर्क हो पा रहा था, लेकिन उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया।
परिजनों को चिंता है कि कहीं मनोज के साथ कोई अनहोनी न हुई हो। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को मनोज की ढूंढखोज करने का आश्वासन दिया है।