मंडल घाटी के प्रवेश द्वार गंगोलगांव में सड़क किनारे स्थितहोमस्टे के नीचे हो रहा भूस्खलन, प्रशासन से की भूस्खलन के उपचार की मांग–
गोपेश्वर, 09 जुलाई 2025: मंडल घाटी के प्रवेश द्वार गंगोलगांव में एक होमस्टे भूस्खलन की चपेट में आ गया है। तीन मंजिला होम स्टे के नीचे बड़े हिस्से में भूस्खलन हो रहा है। होम स्टे संचालक ने जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के उपाय करने की मांग उठाई है। उन्होंने आपदा कार्यालय में इस संबंध में प्रार्थना पत्र भी दिया है। फिलहाल भूस्खलन वाले एरिया में पॉलीथीन बिछाई गई है। जिससे भूस्खलन का ज्यादा असर न हो सके।
गंगोलगांव में सड़क किनारे नंदन सिंह ने पिछले साल होम स्टे बनाया। रुद्रनाथ की तीर्थयात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के साथ ही चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों को ठहरने के लिए यह सबसे खूबसूरत जगह है। यहां बड़ी संख्या में तीर्थयात्री रुककर प्रकृति का लुत्फ उठाते हैं। लेकिन इस बरसात में होम स्टे के निचले हिस्से में भूस्खलन शुरु हो गया है। जो रुक ही नहीं रहा है। फिलहाल नंदन सिंह ने यहां पॉलीथीन डालकर बारिश के पानी की निकासी की जा रही है। लेकिन खतरा अभी कम नहीं हुआ है।
होम स्टे संचालक नंदन सिंह ने जिला प्रशासन से शीघ्र भूस्खलन क्षेत्र के उपचार की मांग उठाई है। इसके अलावा चमोली-गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर भी जगह-जगह भूस्खलन हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही में मुश्किलें आ रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सतेंद्र रावत का कहना है कि सड़क कई जगहों पर खतरनाक बनीं हुई है। कुछ जगहों पर नाली निर्माण भी नहीं किया गया है। जिससे बारिश का पानी सड़क पर बह रहा है।