बीमार गोवंश को अस्पताल ले जाने और आवारा घूम रहे गोवंश को गोसदन तक पहुंचाने के लिए शुरु हुई वाहन सेवा–
बदरीनाथ, 12 जुलाई 2025: बीमार गोवंश को अस्पताल ले जाने और आवारा घूम रहे गाेवंश को गौसदन तक पहुंचाने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ ने वाहन सेवा शुरू कर दी है। शनिवार को विधिवत रूप से वाहन का संचालन शुरू कर दिया गया है।

बदरीनाथ में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश घूमते रहते हैं। जो यातायात के लिए परेशानी का सबब बन जाते हैं। कई बार गोवंश बीमार होने या चोटिल होने पर सड़क किनारे पड़े रहते हैं। ऐसे में नगर पंचायत बदरीनाथ ने इस समस्या के समाधान के लिए पहल शुरू की है।

नगर पंचायत ने कूड़ा बेचकर की गई आमदनी से गोवंश पकड़ने वाला वाहन खरीदा है। इससे जहां बीमार गोवंश को सुगमता से अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा वहीं आवारा गोवंश को भी गोसदन तक पहुंचाया जाएगा।
बदरीनाथ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि धाम में छोड़े गए आवारा गोवंश बड़ी संख्या में घूमते रहते हैं। इनकी वजह से यातायात व्यवस्था बनाने में भी दिक्कत आती है। नगर पंचायत ने गोवंश को अस्पताल या गौसदन तक भेजने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है।


