जंगली सुअरों को भगाने के लिए रातभर खेतों में थाली और कनस्तर बजा रही महिलाएं, जिलाधिकारी से की सुअरों को खदेड़ने की मांग–
गोपेश्वर, 14 अगस्त 2025: निजमुला घाटी के गाड़ी गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग उठाई है कि जंगली सुअरों के आतंक से मुक्ति दिलाई जाए। महिलाओं ने कहा कि शाम होते ही सुअर खेतों में आकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। महिलाएं रात को खाना खाने के बाद थाली और कनस्तर बजाकर सुअरों को भगा रहे हैं। महिलाओं ने सुअरों को भगाने के लिए वन विभाग के गश्ती दल को तैनात करने की मांग उठाई है।
गाड़ी गांव के नेवा, ग्वाड़, धार, पलसारी, मल्ला कन्याली, तोली तोक आदि क्षेत्र में जंगली सुअर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। सुअर खेतों में झंगोरा, मंडुवा, धान और दलहन की फसलें पकने के कगार पर हैं। लेकिन जंगली सुअर फसलों को बेरहमी से रौंद रहे हैं।
गाड़ी गांव की ग्राम प्रधान मंदोधरी देवी, विसेश्वरी देवी, शिवी देवी, सुनीता देवी, सावित्री देवी, ममता देवी, दर्शनी देवी, रंजना, उमा देवी, राकेश सिंह, हरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सुजान सिंह, नवीन सिंह, देवी सिंह आदि ने वन अधिकारियों को बताया कि वे रात को खाना खाने के बाद सुअरों को भगाने के लिए खेतों में जा रहे हैं।
कनस्तर और थाली बजाकर सुअरों को भगा रहे हैं। इस संबंध में बदरीनाथ वन प्रभाग के उपवन संरक्षक सर्वेश दुबे ने बताया कि ग्राम प्रधान के शिकायती पत्र पर जंगली सुअरों को मारने की अनुमति दी जा रही है। सुअरों को लाइसेंसी बंदूक से मारा जा सकता है। जिस भी ग्राम पंचायत से शिकायती पत्र प्राप्त होता है तो उस गांव में जंगली सुअरों को मारने की अनुमति दे दी जाएगी।