स्कूल की टंकी से लगाया गया था रबड़ का पाइप, गाड़ी को धोने में लगा था छात्र, पढ़ें पूरी खबर–
थराली, 27 सितंबर 2025: चमोली जनपद के थराली विकास खंड के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के गेट पर अपनी लग्जरी कार को छात्र से धुलवाने के चक्कर में गुरुजी को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। छात्र के गाड़ी धोने की वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वैसे ही मुख्यशिक्षाअधिकारी ने गुरुजी को सस्पेंड कर दिया।
दरअसल, हर माह के अंतिम शनिवार को विद्यालयों में बैगलेस डे होता है। यानि बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी, अन्य खेल व शैक्षणिक एक्टीविटी होंगी। इसी क्रम में एक वीडियो शनिवार को तेजी से वायरल हुआ। जिसमें दिखाया गया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गोठिंडा, विकासखंड थराली चमोली के गेट पर एक छात्र पूरी तन्मयता के साथ रबड़ का पाइप लगाकर कार को धोने में लगा था।
यह कार विद्यालय के गुरुजी की बताई जा रही है। एक व्यक्ति ने इसकी वीडियो बना ली। जब गुरुजी ने वीडियो बनते देखी तो वे भी मौके पर पहुंच गए और वीडियो न बनाने का आग्रह किया। लेकिन पूरी वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गई।
जब इसकी भनक थराली के खंड शिक्षाअधिकारी भूपेंद्र सिंह को लगी तो उन्होंने मुख्य शिक्षाअधिकारी से इस संबंध में बात की। जिस पर मुख्य शिक्षाअधिकारी धर्म सिंह रावत ने तत्काल सहायक अध्यापक घनश्याम तिवारी को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। विद्यालय के गेट पर छात्र से कार धुलवाने की इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इसीलिए लोग अपने पाल्यों का सरकारी विद्यालयों में दाखिला नहीं करवा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शिक्षामंत्री तक भी पहुंच गई है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राशि) धर्म सिंह रावत ने बताया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार के सहायक अध्यापक घनश्याम तिवारी को उपशिक्षा अधिकारी (प्राशि) थराली के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की जांच उपशिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह को सौंप दी गई है। जांच अधिकारी से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट तलब की गई है।


