प्रधानाचार्य ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भेजा ज्ञापन, परिसर के समीप अन्य पेड़ों के निस्तारण के लिए भी कहा–
गोपेश्वर, 06 अक्टूबर 2025: मंडल घाटी में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना में हाईस्कूल विज्ञान लैब की छत के ऊपर पेड़ गिरने से छत क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह फरस्वाण ने केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के साथ ही अन्य संबंधित विभागों को इस संबंध में अवगत कराया है।
गनीमत रही कि पेड़ रविवार रात को गिरा, सोमवार को गिरता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। प्रधानाचार्य ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा कि रविवार को हाईस्कूल विज्ञान लैब की छत पर एक पेड़टूटकर गिर गया है।
इस कारण लैब की छत क्षतिग्रस्त हो गई है। पेड़ गिरने से लैब को भी क्षति पहुंची है। वैसे ही विद्यालय में भवनों का अभाव चल रहा है। पेड़ गिरने से छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर के समीप ही कई ऐसे पेड़ हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। जिससे छात्र-छात्राओं के जानमान के नुकसान की आशंका बनी हुई है। उन्होंने खतरनाक बने पेड़ों और टूटे पेड़ को हटाने का आग्रह किया है।