भूमि पूजन के बाद शुरू हुए निर्माण कार्य, सिंचाई विभाग नदी किनारे बनाएगा सुरक्षा दीवार, लैंड स्लाइड का करेगा ट्रीटमेंट–
जोशीमठ, 09 नवंबर 2025: जोशीमठ में भूधंसाव से बढ़े भूस्खलन और भूधंसाव के ट्रीटमेंट के लिए शनिवार को सुरक्षात्मक कार्य शुरू हो गए। सिंचाई विभाग की ओर से नगर के निचले क्षेत्र में सुरक्षा दीवार व अन्य कार्य किए जाएंगे।
नगर में विभिन्न तरह के सुरक्षात्मक कार्य होने हैं। शनिवार को सिंचाई विभाग ने भूमि पूजन के साथ सुरक्षा दीवार का कार्य शुरू कर दिया है। जिसमें 80 करोड़ की लागत से मारवाड़ी पुल से विष्णप्रयाग तक अलकनंदा नदी किनारे सुरक्षा दीवार लगायी जाएगी। साथ ही एक जगह पर स्लाइड जोन का भी ट्रीटमेंट किया जाना है।

2023 में नगर में भू धंसाव हुआ था। जिसके बाद नगर के निचले हिस्से में सुरक्षात्मक दीवार बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसकी स्वीकृति के बाद अब यहां कार्य शुरू कर दिया गया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धीरज डिमरी ने बताया कि 613 मीटर की दीवार बनायी जानी है। लैंड स्लाइड का भी ट्रीटमेंट किया जाना है। 80 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को एक साल में पूरा किया जाना है।
मूल निवास स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष और बदरीनाथ के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि ज्योतिर्मठ में सुरक्षात्मक कार्य शुरू हो गए हैं। कार्य बेहतर गुणवत्ता के साथ हों, ताकि नगर को भविष्य में कोई खतरा न रहे। भूमि पूजन के दौरान देव पुजाई समिति के अध्यक्ष अनिल नंबूरी, समीर डिमरी, प्रकाश नेगी, सुभाष डिमरी, भगवती प्रसाद नंबूरी, अनिल सकलानी के साथ नगर क्षेत्र के स्थानीय और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


