श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए निकाला फ्लैग मार्च, दिनभर शांतिपूर्वक रहा धाम का माहौल–
बदरीनाथ, 12 नवंबर 2025। दिल्ली में हुई बम विस्फोट की घटना के बाद बदरीनाथ में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। दिनभर बदरीनाथ धाम के दर्शनों को पहुंच रहे तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर रहे हैं। सुबह से धाम के सिंहद्वार पर लाइन लगाकर यात्री भगवान के दर्शन कर रहे हैं। बुधवार को धाम में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सेना, बम निरोधक दस्ता, पुलिस, बीकेटीसी व नगर पंचायत ने फ्लैग मार्च निकाला।
धाम में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर जगह पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार के निर्देश पर बदरीनाथ थाना की ओर से धाम में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। जिसमें भारतीय सेना के जवान, बम निरोधक दस्ता, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और नगर पंचायत बदरीनाथ के प्रतिनिधि शामिल हुए।
धाम के विभिन्न मार्गों पर चले फ्लैग मार्च का उद्देश्य श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों को सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। साथ ही सभी सुरक्षा व प्रशासनिक एजेंसियों में बेहतर समन्वय भी स्थापित करना था। इसके अलावा सुरक्षा बल धाम में हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।


