इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ रहे चीफ गेस्ट, बोले युवाओं के ज्ञान, तकनीक और शक्ति से ही होगा राष्ट्र का उत्थान–
देहरादून, 28 नवंबर 2025: देहरादून के परेड ग्राउंड के भगवान बिरसा मुंडा नगर के जनरल विपिन रावत सभागार में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का राष्ट्रीय सम्मेलन विधिवतरुप से शुरू हो गया है। सम्मेलन का शुभारंभ भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डाॅ. एस सोमनाथ ने किया। उन्होंने अपने संबोधन से युवाओं में जोश भर दिया, कहा कि किसी भी राष्ट्र का उत्थान तभी संभव है जब उसकी युवा पीढ़ी ज्ञान, तकनीक और निडर शक्ति से संपन्न हो। आज के युवाओं को देखकर हर्ष होता है, प्रत्येक युवा न केवल वर्तमान का ध्वजवाहक है बल्कि भविष्य का आधार स्तंभ भी है। यह एक आंदोलन है, एक मिशन है और इसी महत्वपूर्ण परिस्थिति में एबीवीपी उभरकर सामने आती है।
उन्होंने कहा, भारत की 25 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या युवा है, यह हमारे लिए एक सांस्कृतिक वरदान है। जब युवा दृढ़ होकर खड़े होते हैं तो इतिहास की दिशा बदल जाती है। आप वही पीढ़ी हैं जो भारत का भविष्य लिखेगी। हमारे यहां विज्ञान और अध्यात्म साथ-साथ ज्ञान, संस्कार और सेवा के आधार पर चलते हैं। चंद्रयान-3 के माध्यम से दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत पहला राष्ट्र बना और ऐसे बहुत से मिशनों में हम विश्व को राह दिखा रहे हैं। आज अंतरिक्ष में भी भारत स्पष्ट कह रहा है कि अब हमारा समय है।
सम्मेलन में एबीवीपी से जुड़े कई लोगों ने अपना संबोधन किया। सम्मेलन में सम्मलित होने के लिए राष्ट्रीय स्तर से स्वयं सेवक देहरादून पहुंचे हुए हैं। सम्मेलन के लिए देहरादून में हर चौराहे तक एबीवीपी के ध्वज फहरा रहे हैं। कार्यक्रम में एबीवीपी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डाॅ. रघुराज किशोर तिवारी, स्वागत समिति के अध्यक्ष व ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष डाॅ. कमल घनशाला के साथ ही कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


