सीमा सड़क संगठन को निर्माण कार्य करने पर जारी किया गया सख्त नोटिस, लंबे समय से नगर क्षेत्र में निर्माण कार्य होने की मिल रही थी प्रशासन को सूचना–
जोशीमठ, 10 जनवरी 2026: जोशीमठ क्षेत्र में भूधंसाव के बाद से निर्माण कार्य बंद हैं। इसके बावजूद भी कई लोगों द्वारा निर्माण किए जा रहे हैं। प्रशासन को इसकी सूचना मिलने पर शनिवार को तहसील प्रशासन ने निर्माणाधीन कार्यों को रुकवाकर उन्हें सीज कर दिया।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन कर अवैध रूप से हो रहे निर्माण को रोककर पांच निर्माणाधीन भवनों को सीज कर दिया है। सीमा सड़क संगठन को भी निर्माण कार्यों पर नोटिस जारी कर दिया गया है।
जोशीमठ के उपजिला मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि प्रशासन को पिछले कुछ समय से निरंतर शिकायतें मिल रही थी कि भूधंसाव प्रभावित क्षेत्रों में चोरीछिपे निर्माण कार्य हो रहे हैं।
शनिवार को प्रशासन की टीम ने गांधीनगर वार्ड, रवि ग्राम, सिंहधार और अपर बाजार में चल रहे निर्माणाधीन भवनों पर छापेमारी की और इन्हें तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया। रविग्राम क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों पर नोटिस जारी कर शीघ्र कार्य रोकने के निर्देश दिए गए हैं।


