जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ट्रीटमेंट करने की मांग उठाई, डीएम ने एडीएम को जांच कर शीघ्र निर्माण सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश–
गोपेश्वर, 20 जनवरी 2026: पीपलकोटी के गडोरा क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि एनएचआईडीएल की ओर से गडोरा बाजार के दोनों ओर से निचले क्षेत्रों में सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य किया जा रहा है, मगर बाजार के ठीक नीचे जहां भूस्खलन हो रहा है, वहां कोई काम नहीं किया जा रहा है। इसी बात को लेकर स्थानीय लोग जिलाधिकारी से मिले और आक्रोश प्रकट किया। लोगों का कहना है कि बरसात में बाजार के नीचे की जमीन धीरे-धीरे खिसक रही है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से यदि शीघ्र इस क्षेत्र का ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो स्थानीय जनता सड़क पर आंदोलन शुरू कर देगी। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से गडोरा बाजार के नीचे भूस्खलन हो रहा है। जिससे उनकी कृषि भूमि, फलदार वृक्ष सहित आवासीय भवन खतरे की जद में पहुंच गए हैं। भूस्खलन क उपचार के लिए यहां शीघ्र सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाना बेहद जरुरी है। कहा गया कि एनएचआईडीसीएल की ओर से यहां से गुजर रहे नाले के इर्दगिर्द तो काम किया जा रहा है, मगर आवासीय भवनों के ठीक नीचे करीब 300 मीटर हिस्से में काम छोड़ा गया है। यहां भी सुरक्षा दीवार व चैकडेम निर्माण किया जाए।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अपर जिलाधिकारी को मामले की जांच कर निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश नवानी, सभासद मनोरमा देवी, वन पंचायत सरपंच लोकानंद, नवीन वैष्णव, अरविंद हटवाल, दिनेश चंद्र, हरीश, चंद्रशेखर, सुशील, भगत सिंह, सत्येश्वर प्रसाद, राजेंद्र डबराल, नितेश वैष्णव, दामोदर, पूजा, मीना, सीमा, मुन्नी, रेखा, ललिता, आनंद प्रसाद के साथ ही कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने जल्द भूस्खलन क्षेत्र के ट्रीटमेंट की मांग उठाई है।


