साणेश्वर महाराज की डाेली नृत्य देखने पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु, नौ दिनों तक आयोजित होगी भागवत कथा–
अगस्त्यमुनि, 26 जनवरी 2026: ग्राम पंचायत सिल्लाब्राह्मणगांव में स्थित प्राचीन साणेश्वर महाराज मंदिर में सोमवार से नौ दिवसीय यज्ञ और भागवत कथा का विधि-विधान से शुभारंभ हो गया है। वैदिक मंत्रोच्चारण और शक्ति पूजा संपन्न होने के बाद साणेश्वर महाराज की डोली भक्तों के बीच पहुंची। करीब एक घंटे तक डोली नृत्य का आयोजन हुआ। इस धार्मिक आयोजन के सैकड़ाें श्रद्धालु साक्षी बनें।
पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत सोमवार को ब्रह्ममुहुर्त से साणेश्वर महाराज और शिवालय में पूजाएं शुरु हो गई थी। मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पुरोहित के दिशा निर्देशन में यज्ञाचार्य व अन्य ब्राह्मणों को ढोल दमाऊं के साथ बुलावा दिया गया। इसके साथ शिव महापुराण के कथावाचक आचार्य अनसूया प्रसाद नौटियाल और देवी भागवत कथावाचक व्यास सुखदेव प्रसाद नौटियाल को विधिवत पूजा अर्चना के बाद गद्दी पर आसीन किया गया। इसके साथ यज्ञ स्थल के चारों ओर ब्राह्मणों को भी बरणी बांधकर यज्ञ का शुभारंभ किया गया।
इससे पूर्व मंदिर में विभिन्नपूजाएं संपन्न हुई। शक्ति पूजा के बाद आरती हुई और महाराज की डोली को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ लाया गया। सबसे पहले साणेश्वर महाराज की डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और भोलेनाथ से आयोजन शुभारंभ की आज्ञा मांगी। ढोल दमाऊं की थाप पर साणेश्वर महाराज की डोली ने अद्भुत नृत्य किया। महाराज में अगाध श्रद्धा रखने वाले श्रद्धालुओं ने डोली से प्रश्न भी किए, जिनका उन्हें मार्गदर्शन भी मिला। डोली नृत्य के बाद कथास्थल पर महाराज की डोली को स्थापित कर दिया गया है।
यज्ञ शुभारंभ पर ब्रह्मचारी केशव स्वरुप महंत शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान ऋषिकेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भक्तों को को प्रवचन दिया। इस दौरान कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। नौ दिवसीय यज्ञ के सभी कार्यक्रम अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पुरोहित के सानिध्य में संपन्न हो रहे हैं। प्रथम दिवस का संचालन अंकित पुरोहित ने किया।


