एक घंटे में दो बार लगाती हैं सात बसें चक्कर, तेज रफ्तार बसों को कौन रोके, जिम्मेदार मौन–
गोपेश्वर, 04 फरवरी 2026: चमोली जनपद के कोठियालसैंण में पिछले कई सालों से संचालित हो रहे क्राइस्ट एकेडमी की हत्यारी बस को पुलिस ने सीज तो कर दिया है, मगर एकेडमी के अन्य सात वाहनों की तेज रफ्तार पर समय रहते लगाम नहीं लगी तो ऐसे कई लोग इन बसों के टायरों के नीचे रोंदे जाएंगे। आम जनता गिड़गिड़ाने के अलावा करें भी तो क्या करे, जिम्मेदार मौन हैं। कोई क्राइस्ट एकेडमी के विरुद्ध कार्रवाई या बोलने को तैयार नहीं हैं।
गोपेश्वर में यूं तो कई निजी विद्यालयों के स्कूली वाहन चलते हैं। पर सबसे अधिक वाहन कोठियालसैंण में स्थित क्राइस्ट एकेडमी के वाहन संचालित हो रहे हैं। इसी क्राइस्ट एकेडमी की बस ने ही बीते मंगलवार को एक महिला को कुचलकर उसकी जान ले ली थी। उसके तीन छोटे-छाेटे बच्चे अपनी मां को खोज रहे हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि कोठियालसैंण में संचालित हो रही क्राइस्ट अकादमी में लगभग 780 बच्चे पढ़ाई करते हैं। विद्यालय के पास बच्चों को लाने और ले जाने के लिए 42-42 सीटर की सात बसें और एक छोटी वैन है। विद्यालय में बड़े बच्चों के स्कूल का समय सुबह पौने आठ बजे और छोटे बच्चों का समय पौने नौ बजे है। ऐसे में वाहनों से पहले बड़े बच्चों को विद्यालय छोड़ा जाता है और फिर वही वाहन छोटे बच्चों को लेने के लिए निर्धारित क्षेत्रों में जाते हैं।
इस विद्यालय की बसें पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर, नंंदप्रयाग और घिंघराण क्षेत्र में पहुंचती हैं। वो भी एक घंंट के भीतर दो बार। कम समय में बच्चों को विद्यालय पहुंचाने की होड़ में इन बसों की रफ्तार इतनी तेज होती है कि सुबह कोई भी बच्चा स्कूल जाते वक्त इनके आगे आ गया तो उसे बचाने वाला भगवान होता है।
क्राइस्ट एकेडमी प्रबंधन की ओर से जनपद के जिम्मेदार अधिकारियाें को अपने संबोहन में ऐसे बांधा जाता है कि वे इनकी मनमानी पर कोई नकेल नहीं कस पाते हैं। यही वजह है कि पिछले दो सालों से क्राइस्ट की बसों का कोई चालान नहीं हुआ है।


