वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बुजुर्ग महिला को अस्पताल में किया भर्ती–
रुद्रप्रयाग, 10 फरवरी 2026: इस बार भालू अभी तक भी शीत निंद्रा में नहीं गया है। अभी भी गांव-गांव में भालू की दहशत मची हुई है। रुद्रप्रयाग जनपद के गांंवों में भालू शाम होते ही आबादी क्षेत्रों में पहुंच रहा है। भालू लोगों पर हमला भी कर रहा है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जनपद के जलई गांव का है। यहां भालू ने मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव की बुजुर्ग महिला निशा देवी, उम्र 60 वर्ष पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। चिकित्सक डॉ. ज्योति शाह के अनुसार पीड़िता की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन खून का थक्का जमने के कारण रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ। रेंजर एचएस रावत ने बताया कि टीम को क्षेत्र में भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेस्टर गौरव भट्ट एवं फॉरेस्ट गार्ड ऋषिराज मौजूद रहे। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए यूकेडी जिला अध्यक्ष सूरत सिंह झिंकवाण ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया और वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर ठोस कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि भालू की दहशत से वे शाम होते ही अपने घरों में दुबक रहे हैं। वन विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर माह तक भालू शीत निंद्रा में चले जाता है। मगर फरवरी माह तक भी वह लोगों पर हमले कर रहा है। इस वर्ष भालू की शीतनिंद्रा टूट गई है।


