औली का स्कीइंग स्लोप खेलों के लिए हुआ तैयार, पहली बार दो स्लोप बनाए, औली पहुंची 17 टीमें–
औली (चमोली), 12 फरवरी 2026: औली में राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आगाज शुक्रवार से होगा। चैंपियनशिप आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। खेलों में प्रतिभाग करने के लिए 17 टीमें औली पहुंच गई हैं। आयोजकों ने भी स्लोप को पूरी तरह से तैयार कर दिया है।
राज्यों के साथ ही सेना, आईटीबीपी व सीआरपीएफ की कुल 17 टीमें स्कीइंग खेलों में प्रतिभाग करने के लिए औली पहुंच गई हैं। पहली बार औली में स्कीइंग के लिए दो स्लोप बनाए गए हैं। आयोजकों ने दोनों स्लोपों का निरीक्षण किया। जहां बर्फ पिघलने से कम हो गई है, वहां दूसरी जगह की बर्फ लाकर फीडिंग की जा रही है। मुख्य स्लोप में बर्फ कम होने के चलते इस बार आठ नंबर टावर से प्रतियोगिता कराई जा रही है।

विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलिंगवाल, आईटीबीपी औली से डिप्टी कमांडेंट नानक चंद, जीएमवीएन के प्रदीप मंद्रवाल, कमल किशोर डिमरी, प्रदीप शाह, क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र गुसाईं, विकेश डिमरी आदि ने औली में स्लोप सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जायजा लिया। इसमें सुरक्षा, तकनीकी मानकों, खिलाड़ियों की सुविधा आदि का गहनता से निरीक्षण किया गया।

प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात, सेना, आईटीबीपी, सीआरपीएफ सहित 17 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। चैंपियनशिप में लोकल स्कीइंग डेमोस्ट्रेशन, आईटीबीपी स्की एंड रेस्क्यू डेमोस्ट्रेशन, अल्पाइन स्कीइंग- जाइंट सलालोम (महिला-पुरुष), स्नो बोर्ड-जाइंट सलालम, अल्पाइन स्कीइंग सलालोम (महिला-पुरुष), स्नो बोर्ड सलालोम, स्की माउंट्रेनियंग स्प्रिंट की प्रतियोगिता होगी।


