कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लगाया विफलता का आरोप, भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर वेडिंग डेेस्टिनेशन के रुप में विकसित करने पर भड़के–
गैरसैंण, 11 मार्च 2026: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण के मुख्य चौराहे पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भराड़ीसैण स्थित विधानसभा परिसर के बेहतर उपयोग के लिए इसे कॉर्पोरेट मीटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का सुझाव सदन में दिया था, जो कि बेतुका सुझाव है। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जो बयान बजट सत्र के दौरान दिया की विधानसभा परिसर को कॉर्पोरेट और वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए प्रयोग में लाया जाए यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, उत्तराखंड को बनाने के लिए 42 लोगों ने अपनी शहादत दी थी, हम लोग ग्रीष्मकालीन राजधानी को स्थाई राजधानी बनाने की बात कर रहे हैं, वो राजधानी जहां से राज्य के नीतियाँ निर्धारित होनी है वहां आप इस प्रकार का कृत्य करने जा रहे हैं वह शर्मनाक है और इसका हम पुरजोर विरोध करते हैं जिस प्रकार अपने जॉर्ज एवरेस्ट सहित तमाम उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र हैं उनको आप बड़ी-बड़ी कंपनियों को बेच रहे हैं ऐसा हम उत्तराखंड के भराड़ीसैण विधानसभा परिसर के साथ नही होने देंगे और इसका जोरदार विरोध करेंगे।
इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान दीवानी राम जिनगोड़ी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दान सिंह नेगी, गौरव (मोनू), प्रदीप कुंवर, मनमोहन नेगी, मोहन राम टम्टा, नंदन सिंह नेगी, विपुल गौड़, विजय भंडारी, सतीश शर्मा, देव कंडारी, रमेश गौड़, जगदीश ढोंडियाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।


