देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष पद पर ताजपोशी होने के बाद सोमवार को ऋतु खंडूडी भूषण को बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूर्व मुख्यमंत्री डा. निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित कई अन्य नेताओं ने पुष्प गुच्छ देकर विधानसभा अध्यक्ष को बधाई दी। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से देहरादून स्थित उनके निजी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने भी विधानसभा अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
हरीश रावत ने उत्तराखंड के इतिहास में प्रथम महिला विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होने पर ऋतु खंडूडी भूषण को अपनी शुभकामनाएं दी एवम उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं सत्र के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि यह एक केवल औपचारिक एवं शिष्टाचार भेंट थी, उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जिसके लिए उन्हें सभी वरिष्ठ लोगों का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन आवश्यक है।


