गोपेश्वरः वर्ष 2021 में एक सड़क दुर्घटना में मौत पर पंजाब नेशनल बैंक ने मृत के परिवार को 50 लाख बीमा का भुगतान किया है। बृहस्पवितार को बैंक प्रबंधक सुब्रत बिष्ट ने परिजनों को चेक भेंट किया। पंजाब नेशनल बैंक के अनुसार गोपेश्वर के समीप क्यार्की गांव निवासी 25 वर्षीय संदीप कुमार की बीते साल 19 अक्तूबर को ऋषिकेश से गोपेश्वर आते समय टिहरी के पास बाइक दुर्घटना में मौत हो गई थी। संदीप गढ़वाल स्काउट जोशीमठ में तैनात था। संदीप का पंजाब नेशनल बैंक गोपेश्वर में रक्षक योजना के तहत खाता था।
बृहस्पतिवार को बैंक की ओर से योजना के तहत मृतक संदीप की मां सुभद्रा देवी को बीमा राशि के तहत 50 लाख रुपये का चेक दिया गया। इस दौरान बैंक अधिकारी कुंदन सिंह रावत, भारती बड़वाल आदि मौजूद रहे। चेक पकड़ते ही मृतक सेना के जवान की माता सुभद्रा देवी की आंखें छलक पड़ी। सुभद्रा ने कहा कि संदीप ने अपने जीवनभर की कमाई हमें दे दी, उसकी अभी तक शादी भी नहीं हुई थी। उसके और परिवार के सपने उसके जीवन के आधे पड़ाव में ही दफन हो गए।


