उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था की बैठक में दिए राज्यपाल ने निर्देश, पढें रिपोर्ट–
देहरादूनः राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में सैनिक और उनके आश्रितों के लिए बड़ा आदेश दिया है। राज्यपाल ने मुख्य सचिव को दिव्यांग भूतपूर्व सैनिकों को 5001 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने इस दौरान पूर्व सैनिक, वीर नारियां, सैनिक आश्रित और दिव्यांग सैनिक के पर्याप्त आंकड़े डिजिटल रूप से उपलब्ध करवाने की बात कही।
बताया जा रहा है कि राजभवन में बैठक लेते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि सैनिक पुनर्वास संस्था को राज्य मे एक प्रभावी विजन, मिशन और सोच के साथ कार्य करना होगा। संस्था को स्व-उत्तरदायित्व के अगले स्तर पर पहुंचना होगा। राज्यपाल ने वीरांगनाओं के कल्याण और पुनर्वास पर विशेष जोर देने की बात कही। राज्यपाल ने राज्य के समस्त दिव्यांग भूतपूर्व सैनिकों को राजभवन की ओर से प्रति सैनिक 5001 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने हेतु सचिव डा. रंजीत कुमार सिन्हा को निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था का पूरी तरह आधुनिकीकरण किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सैनिक पुनर्वास संस्था की एआइ इनेबल्ड एंड्राइड मोबाइल बेस्ड पोर्टल और वेबसाइट विकसित की जाए । जिससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का संपर्क सरलता से संस्था से हो सके। उन्होंने कहा कि वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।


