किसने तोड़ा रुद्रनाथ मंदिर के गर्भगृह का चैनल, पुजारी आवास का दरवाजा, जांच हो–
गोपेश्वर। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के दरवाजे, मंदिर गर्भगृह का चैनल सहित पुजारी आवास व धर्मशाले के दरवाजे तोड़ने के मामले में आक्रोशित पुजारी. हक-हकूकधारी व आम श्रद्घालुओं ने सोमवार को गोपीनाथ मंदिर परिसर से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस प्रदर्शन किया. रुद्रनाथ के पुजारियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हो रहा है. इससे पहले भी चार बार रुद्रनाथ मंदिर में तोड़फोड़ हुई है केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग को सिर्फ अपने सेंचुरी एरिया से मतलब है, हिंदू मठ-मंदिरों को नुकसान पहुंचे, इससे उन्हें कोई लेनादेना नहीं है। मांग उठी कि रुद्रनाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई जाए, रुद्रनाथ मंदिर तक पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों व पर्यटकों की गहराई से जांच हो,
मंदिर में नियमित कर्मचारी की तैनाती हो, मंदिर तक पहुंच मार्ग अन्य जगहों से भी विकसित किए जाएं और हाल में हुई तोड़फोड़ की गहराई से जांच हो। जिससे आगे भी ऐसे कुत्सित प्रयास न हों। करीब एक घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के विरोध में भी नारेबाजी की गई। रुद्रनाथ के पुजारी हरीश भट्ट, महादेव भट्ट, जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र सेमवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित, नवल भट्ट, उषा रावत, सुशीला सेमवाल, रोहिताश पुरोहित, विकास जुगरान, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा, हरिबोधनी खत्री,तुलसी भट्ट, चंद्रकला तिवारी, बीकेटीसी सदस्य वीरेंद्र असवाल, मुकेश नेगी, ओम प्रकाश नेगी, योगेंद्र बिष्ट, मुकुल सहित कई लोगों ने कहा कि मंदिर में तोड़फोड़ की शीघ्र जांच नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर लिया जाएगा। इस दौरान गोपेश्वर बाजार भी पूर्ण रुप से बंद रहा।


