क्षुब्ध होकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष को भेजा अपना इस्तीफा, कहा पार्टी हाईकमान ने की गढ़वाल की उपेक्षा–
गोपेश्वरः बदरीनाथ विधानसभा के दशोली, पोखरी और जोशीमठ ब्लॉक से सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्यागपत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। उन्होंने पार्टी हाईकमान से मांग की कि वह अपने निर्णय में बदलाव करे या उनके त्यागपत्र को स्वीकार करें।
सोमवार को कांग्रेस के मुख्य जिला प्रवक्ता विकास जुगरान ने मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान ने गढ़वाल क्षेत्र की उपेक्षा की है। नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और नेता उप नेता सदन तीनों में से कोई भी पद गढ़वाल क्षेत्र को नहीं दिया। जबकि मोदी लहर के बावजूद भी गढ़वाल क्षेत्र से कई विधायक जीतकर आए हैं, जिन्होंने भाजपा के कद्दावर नेताओं को हराया है। यह न सिर्फ उन विधायकों की उपेक्षा है बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उस जनता की भी उपेक्षा है जिन्होंने कांग्रेस पर विश्वास जताया है। इससे क्षुब्द होकर हम सामूहिक त्यागपत्र दे रहे हैं। इस दौरान पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी भी मौजूद रहे। प्रदेश सचिव युद्घवीर बर्त्वाल के साथ ही विकास जुगरान, अरविंद नेगी, ओमप्रकाश नेगी, प्रमोद बिष्ट सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने सामूहिक त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष को भेजा।
वहीं जोशीमठ में ब्लॉक अध्यक्ष हरीश भंडारी, नगर अध्यक्ष रोहित परमार, प्रदेश प्रवक्ता कमल रतूड़ी, सूरज बगासी सहित कई पदाधिकारियों ने त्यागपत्र दे दिया है। जबकि पोखरी में ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर चौधरी, नगर अध्यक्ष संतोष चौधरी, मधुसूदन चौधरी सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने त्यागपत्र दिया है।