अधिकारियों ने नहीं सुनीं, तो ग्रामीणों ने श्रमदान कर लगाया पुश्ता, खोली सड़क- 

by | Jul 17, 2022 | चमोली, सड़क | 0 comments

क्षेत्र में रसोई गैस, खाद्यान्न की नहीं हो पा रही थी सप्लाई, ‌क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल से भी हैं ग्रामीण खफा, 

कर्णप्रयागः कई बार ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूस्खलन से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़क को खोलने की मांग की तो, ग्रामीणों की सुनी नहीं गई। बाद में प्रशासन का मुंह ताकने के बजाय ग्रामीणों ने स्वयं ही कुदाल, फावड़े हाथ में लिए और सड़क को वाहनों की आवाजाही लायक बना दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अभी भी विभागीय अधिकारियों को थोड़ा सा भी शर्म बाकी है तो सड़क पर जगह-जगह आए मलबे को साफ कर आवाजाही को सुगम बनाएं।

छह जुलाई को 14 किलोमीटर जयकंडी-बणसोली-मैखुरा मोटर मार्ग किलोमीटर एक पर भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था।

क्षेत्र में खाद्यान्न और रसोई गैस की सप्लाई भी नहीं हो पा रही थी। रविवार को ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर सामूहिक रुप से सड़क को खोलने निर्णय लिया। पुश्ते लगाए, मिट्टी का भरान किया और सड़क को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिए। ग्रामीणों में क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल के रवैये को लेकर भी गुस्सा है। उनका कहना है कि वोट मांगने के दौरान विधायक जी बार-बार क्षेत्र में पहुंच रहे थे, लेकिन जीतने के बाद जनता को उनके हाल पर छोड़कर देहरादून में बैठे हैं।

श्रम दान करने वालों में आशा राम मैखुरी, जितेंद्र कुमार, अयोध्या प्रसाद मैखुरी, दिनेश मैखुरी, सुनील दत्त, विनोद कुमार, रामचंद्र, सतीश ध्यानी, मोती राज, रमेश चन्द्र मैखुरी, हेमन्त खंडूडी, इन्द्रेश मैखुरी आदि का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के दौरान एनएच ने हिल साइड काम किया तो सड़क से भूस्खलन हो गया, तब से यहां पक्का पुस्ता नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। 

error: Content is protected !!