फरस्वाण फाट क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लासी में अभिभावक बैठे धरने पर–
चमोलीः दशोली विकासखंड के सबसे बड़े क्षेत्र फरस्वाण फाट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय लासी, नवा सेमडुंग्रा और कन्या जूनियर हाईस्कूल सेमडुंग्रा में शिक्षकों की तैनाती के लिए अभिभावकों ने मजबूरन आंदोलन शुरू कर दिया है। शिक्षा अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद भी विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति न होने से अभिभावकों ने क्रमिक धरना शुरू कर दिया है। तीनोंं विद्यालय कई सालों से एकल अध्यापक के भरोसे संचालित हो रहे हैं।
ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर ने कहा कि इन विद्यालयों में लंबे समय से एकल शिक्षक तैनात हैं। अध्यापकों को विभागीय कार्यों को लेकर बार-बार इधर उधर जाना पड़ता है। इसके अलावा मिड डे मील का काम भी देखना होता है, जिससे विद्यालय में पठन पाठन का काम पूरी तरह से प्रभावित हो रखा है। वे काफी समय से यहां शिक्षकों की तैनाती की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
30 जुलाई को जनता दरबार में डीएम के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक सप्ताह में शिक्षकों की तैनाती का आश्वासन दिया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई काम नहीं हो पाया है। जिसके चलते ग्रामीणों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ा है। धरने पर बैठने वालों में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, मनवीर सिंह, रणवीर सिंह, विरेंद्र बिष्ट, रीना देवी, चंफा देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, दीपक सिंह रावत, धीरज सिंह, जसवंत सिंह, बसंती देवी, धनवंती देवी, नयन सिंह कुंवर आदि उपस्थित रहे। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि जब तक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो जाती आंदोलन जारी रखा जाएगा।


