आपदाः ब्राह्मण थाला गांव के जौरापाणी में धीरे-धीरे खिसक रही जमीन–

by | Aug 19, 2022 | आपदा, चमोली | 0 comments

बारिश होने पर अपने घरों को छोड़ने को मजबूर हुए ग्रामीण, सड़क निर्माण के बाद शुरू हुआ भूधंसाव–

गोपेश्वरः पोखरी विकासखंड के ब्राह्मण थाला गांव के जौरापाणी तोक में धीरे-धीरे भू-धंसाव हो रहा है। गांव में आवासीय मकानों के इर्द-गिर्द से बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे ग्रामीणों को किसी बड़ी आपदा का डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के निचले हिस्से में मोहनखाल-थाला-कंसारी मोटर मार्ग निर्माणाधीन है। ‌पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क की हिल कटिंग तो की, लेकिन यहां दीवार निर्माण कार्य नहीं किया, जिससे जमीन खिसक रही है। गांव के जौरापाणी तोक में तेजी से भूधंसाव हो रहा है।

प्रभावित महादेव प्रसाद भट्ट और वासुदेव प्रसाद का कहना है कि उनके मकानों के आगे लंबी दूरी तक जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। भारी बारिश होने पर घरों में रहने से भी डर लग रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र का भवन भी भू-धंसाव की चपेट में आ गया है। ग्रामीणों की मांग पर राजस्व विभाग की टीम ने भी प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर दिया है। वहीं, गांव के ही बुडाकट्ठा तोक में भी भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मोहनखाल-थाला-ताली सड़क के निर्माण के बाद से यहां भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीण ओम प्रकाश थपलियाल का कहना है कि पीएमजीएसवाई की ओर से गांव के शीर्ष भाग में सड़क निर्माण कार्य तो किया लेकिन सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं। ठेकेदार की ओर से सड़क की कटिंग भी मनमानी ढंग से की गई, जिस कारण यहां बार-बार भूस्खलन हो रहा है। 

error: Content is protected !!