शाम ढलते ही गांवों में पहुंच रहा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग से की गश्त बढ़ाने की मांग–
अगस्त्यमुनि/टिहरीः अगस्त्यमुनि विकास खंड के पठालीधार क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। गुलदार के डर से ग्रामीण हदशत में हैं। डांगी और पठालीधार क्षेत्र में गुलदार की दहशत है। मंगलवार शाम को गुलदार ने कई बकरियां भी मार दी हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के पूर्व जिलाध्यक्ष शकूर अहमद ने बताया कि मुस्लिम बस्ती डांगी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शाम ढलते ही गुलदार गांव में पहुंच रहा है। जिससे लोगों में दहशत है। गुलदार उनकी कई मुर्गियों का मार चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की।
वहीं, टिहरी के प्रताप नगर ब्लॉक के भदूरा पट्टी के कुड़ी गांव की दो महिलाएं गुलदार के हमले में घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में भर्ती किया गया। महिलाएं सुबह घास लेने जंगल जा रही थी।
सुबह करीब दस बजे घास के लिए जंगल जा रही महिला पर गुलदार ने हमला किया। घायल महिला को लंबगांव के लिए रेफर कर दिया। एक घंटे बाद फिर दूसरी महिला पर भी गुलदार ने आक्रमण कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। गुलदार के हमले में जमुना देवी पत्नी राजेंद्र सिंह रावत और रेखा देवी पत्नी रमेश लाल घायल हो गई है। ग्राम प्रधान सुरेश रावत ने बताया कि दोनों महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में भर्ती कराया है।