भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा- कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मेरे संपर्क में–
गोपेश्वरः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का गोपेश्वर में पहुंचने पर फूल मालाओं से स्वागत हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को पनपने नहीं दिया जाएगा, सरकार ने भर्तियों में हुए घोटाले का पर्दाफाश कर नजीर पेश की है। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में हरिद्वार को छोड़कर सभी जनपदों में नई जिला कार्यकारिणी का जल्द गठन किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदेश में पार्टी सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतेगी, इसके लिए अभी से कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया गया है। कहा कि कांग्रेस के कई दिग्गज नेता उनके संपर्क में हैं। भाजपा अपना कुनबा बढ़ाने पर जोर दे रही है।
कहा कि पहली बार सरकार ने भर्ती घोटाले पर मार की है। भ्रष्टाचार बाहर आ रहा है तो कांग्रेस में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 70 विधानसभाओं में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने अतिथि शिक्षकों के स्थाईकरण के मामले में कहा कि इसके लिए बजट का ढांचा खड़ा किया जा रहा है। जल्द ही शिक्षकों के स्थाईकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन के सबसे अधिक दायित्व चमोली जनपद को मिले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने बदरीनाथ धाम और गोपेश्वर गोपीनाथ मंदिर में मत्था टेका। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, जिला उपाध्यक्ष तारेंद्र दत्त थपलियाल, प्रभारी विजय कपरुवाण, पंकज डिमरी, अरुण मैठाणी, नवल भट्ट, महावीर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य नंदिता रावत के साथ ही कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।