पीठ पर बस्ता लेकर विद्यालय के गेट तक पहुंच रहा आरव, पर नहीं आने दिया जा रहा गेट से अंदर, पढें क्या है मामला–
गोपेश्वरः कोठियालसैंण में स्थित क्राइस्ट एकेडमी के पूर्व कर्मचारी (बस चालक) और विद्यालय प्रबंधन के बीच कई समय से चल रहे विवाद में आठ साल के आरव की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आरव का इस साल तीसरी कक्षा में दाखिला होना है। उसके साथ के अन्य बच्चों का दाखिला हो गया है, लेकिन आरव को विद्यालय प्रबंधन की ओर से गेट से अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि आरव के पिता की ओर से यदि उसकी एडमिशन फीस जमा की जाती है तो उसे विद्यालय में आने दिया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन और आरव के पिता जसवीर सिंह का विवाद पुराना है। जसवीर सिंह की 2013 में विद्यालय में बस चालक के पद पर तैनाती हुई थी। वर्ष 2018 के बाद कोरोनाकाल में स्कूल बंद होने के कारण जसवीर सिंह भी विद्यालय नहीं आया। इसके बाद जसवीर और विद्यालय प्रबंधन के बीच पीएफ को लेकर विवाद शुरु हो गया। यह विवाद अभी तक भी नहीं सुलझ पाया है। इस चक्कर में जसवीर के आठ साल के बेटे आवर का तीसरी कक्षा में एडमिशन भी रुक गया है।
प्रधानाचार्य फादर अल्बर्ट और जसवीर अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। बढ़ा सवाल यह है कि इन दोनों के बीच जो भी विवाद है, उसका खामियाजा आरव क्यों भुगते। सीईओ कुलदीप गैरोला का कहना है कि मामले को दिखवाया जा रहा है। प्रधानाचार्य को शीघ्र आरव के दाखिले की प्रक्रिया शुरु करने के लिए कहा गया है। जल्द ही विभागीय टीम भी विद्यालय में भेजी जाएगी। आपसी विवाद में बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रखा जा सकता है।