शासन से 30 करोड़ की धनराशि को मिला अनुमोदन, प्रभावित परिवारों ने प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत से की मुलाकात, मंत्र ने दिया सकारात्मक आह्वान–
गोपेश्वरः गुरुवार को गोपेश्वर के हल्दापानी विकास नगर के लिए अच्छी खबर निकल कर आई है। प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने यहां पहुंचे प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत से मुलाकात की तो मंत्री ने मौके पर ही सिंचाई सचिव से मोबाइल फोन पर बात कर भूस्खलन के ट्रीटमेंट के बारे में जानकारी मांगी। जिस पर सिंचाई सचिव ने कहा कि बजट को शासन का अनुमोदन मिल गया है। जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसका ट्रीटमेंट शुरु कर दिया जाएगा।
जनपद के प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत से प्रभावित क्षेत्र के परिवारों ने भेंट की। उन्होंने कहा कि शासन से बजट स्वीकृत होने के तीन माह बाद भी भूस्खन का ट्रीटमेंट शुरु नहीं हो पाया है। अब बारिश होने पर लोगों को आपदा का डर सता रहा है। लोग अपने घरों में रहने से भी डर रहे हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने मौके पर ही सिंचाई विभाग के सचिव हरीश चंद्र सेमवाल से मोबाइल फोन पर बात की। उन्होंने मंत्री को बताया कि भूस्खलन के लिए जारी बजट को शासन से अनुमोदन मिल गया है, अब जल्द ही क्षेत्र का ट्रीटमेंट शुरु कर दिया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्र की लगातार मॉनेटरिंग करने और प्रभावित परिवारों के सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
प्रभावित क्षेत्र के डा. यदुनंदन भट्ट, अधिवक्ता डीपी पुरोहित, अब्बल सिंह सजवाण, कुलदीप रावत, उमा थपलियाल, बिमला बजवाल, माहेश्वर, राहुल, लक्ष्मी नेगी, विपिन बजवाल, नीरज आदि ने प्रभारी मंत्री का धन्यवद ज्ञापित किया।


