तीर्थयात्रियों में केदारनाथ यात्रा को लेकर उत्साह, बर्फबारी ने बढ़ाई मुश्किलें–
गुप्तकाशीः केदारनाथ धाम की तीर्थयात्रा कल यानि 25 अप्रैल से शुरु होगी। सोमवार को गौरीकुंड से बाबा केदार की डोली केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई है। इस दौरान भक्तों के जय केदार.., बम बम भोले के जयकारों से आस्था पथ गुंजायमान हो उठा। बाबा केदार की डोली ऊखीमठ से होते हुए गुप्तकाशी, नारायणकोटी, ब्यूंग, फाटा, सेरसी, बड़ासू, सोनप्रयाग होते हुए गौरीकुंड पहुंची। सोमवार को बाबा की डोली केदारनाथ के लिए रवाना हो गई है।
तरसाली गांव के जशोधरानंद सेमवाल ने बताया कि बाबा की डोली के साथ सैकड़ों भक्तगण भी केदारनाथ के लिए रवाना हो गए हैं। भक्तों में तीर्थयात्रा को लेकर उत्साह बना हुआ है। कई तीर्थयात्री ऋषिकेश से गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, सोनप्रयाग, गौरीकुंड तक पहुंच गए हैं।
केदारनाथ में बीते दिनों से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। जिससे प्रशासन की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। प्रशासन के सम्मुख तीर्थयात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुचारु करने की चुनौति बनी है।


