चमोली: सड़क किनारे शादी के बर्तन धो रही महिलाओं पर चढ़ाई कार, तीन महिलाएं गंभीर घायल–

by | May 5, 2023 | चमोली, दुर्घटना | 0 comments

शराब के नशे में था कार चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार–

गोपेश्वर: मजोठी गांव में एक शादी समारोह के दौरान सड़क किनारे शादी के बर्तन धो रही महिलाओं पर कार की टक्कर लगने से तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं चोटिल हुई हैं। कार चालक शराब के नशे में था।

तीन महिलाओं को गंभीर घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। महिलाओं के हाथ, पांव और सिर पर चोटें आई हैं। मजोठी गांव के ग्राम प्रधान पूरण सिंह फरस्वाण ने बताया कि शुक्रवार को चमोली-लासी-सरतोली मोटर मार्ग पर मजोठी गांव में सड़क किनारे के मकान में शादी समारोह था।

दोपहर में करीब ढाई बजे महिलाएं सड़क किनारे बर्तन धो रही थी, इसी दौरान अचानक चमोली बाजार की ओर जा रही एक कार महिलाओं को टक्कर मारकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में दर्शनी देवी, मूंगा देवी और हीरा देवी को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार चालक हरमनी गांव का दीवान सिंह बिष्ट शराब के नशे में था। चमोली कोतवाली के निरीक्षक कुलदीप रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शराब पीकर वाहन चलाने पर कार चालक को गिरफ्तार कर दिया गया है। पीड़ित परिवारों की ओर से तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा।

error: Content is protected !!