मजदूरों को बांटे वस्त्र, तीर्थयात्रियों से की बातचीत, केदारनाथ के दर्शन कर किया स्थलीय निरीक्षण–
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ त्रासदी को दस साल पूरे हो गए हैं। धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण और केदार बाबा के दर्शनों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को धाम पहुंचे। बाबा केदार के दर्शनों के पश्चात उन्होंने यहां चल रहे पुननिर्माण कार्यों का बारिकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देने के साथ ही अभी तक हुए कार्यों पर संतोष जताते हुए उनकी पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ भगवान के दर्शन करने के साथ ही मंदिर के मुख्य द्वार से भैरवनाथ को झुककर प्रणाम किया।
धाम में पहुंचे तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनका अभिवादन किया। तीर्थयात्रियों से धाम में परेशानियों के बारे में भी पूछा। एक महिला तीर्थयात्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे आगरा से आए हैं। धाम में किसी भी चीज की दिक्कत नहीं हुई। व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। सीएम ईशानेश्वर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भी शामिल हुए। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ की तीर्थयात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने के बावजूद यात्रियों को किसी भी प्रकार से असुविधा नहीं होने दी जा रही है। बदरीनाथ धाम में भी प्रतिदिन 12 से 15 हजार तीर्थयात्री धाम के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। सीएम ने जिलाधिकारी से पुननिर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। नक्शा देखकर कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर कई अधिकारी मौजूद रहे।


