जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, रोक के बावजूद क्षेत्र में पक्के निर्माण को लेकर जताई नाराजगी–
जोशीमठ (चमोली): बीते वर्ष भूधंसाव के बाद से जोशीमठ नगर क्षेत्र में पक्के निर्माण कार्यों पर रोक के बावजूद कई जगहों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। जिस पर जोशीमठ संघर्ष समिति ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर निर्माण पर रोक के शासनादेश को सभी पर समान रूप से लागू कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आपदा प्रभावितों व असुरक्षित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर टिन शेड बनाने की अनुमति देने की भी मांग उठाई।
समिति के संयोजक अतुल सती, कमल रतूड़ी, दीपक टम्टा आदि पदाधिकारियों ने सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा है कि नगर में प्रभावशाली लोग लगातार पक्के निर्मण कर रहे हैं। आरोप लगाया कि औली रोड, बदरीनाथ रोड पर होटल निर्माण के अलावा सेना और आईटीबीपी की ओर से लगातार पक्के निर्माण की शिकायतें आ रही हैं। इसको लेकर मार्च माह में भी समिति ने सचिव आपदा प्रबंधन से मुलाकात कर चिंता व्यक्त की थी। कहा कि गरीब आपदा प्रभावितों पर तो निर्माण को लेकर सख्ती की जा रही है, लेकिन प्रभावशाली लोग लगातार निर्माण कार्य कर रहे हैं।
समिति ने मांग की है कि नगर में पक्के व भारी निर्माण पर रोक का शासनादेश समान रूप से लागू किया जाए। प्रभावित व असुरक्षित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को टिन शेड व सुरक्षा के लिए सुधारीकरण के कार्य की अनुमति मिले, निर्माण कार्य से प्रभावित हुए मजदूरों का मुआवजा तय करते हुए तुरंत वितरित किया जाए।


