जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किया आदेश, सुबह 10 बजे से तीन बजे तक संचालित होंगे विद्यालय–
गोपेश्वर, 23 दिसंबर 2025: चमोली जनपद के विद्यालयों तक भी भालू पहुंचने से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने चमोली में स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया है। अब जिले के सभी विद्यालय सुबह 10 बजे खुलेंगे और अपराह्न तीन बजे तक संचालित होंगे। जबकि आंगनबाड़ी केंद्र सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे।
जिला मजिस्ट्रेट/जिलाधिकारी गौरव कुमार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा है कि विभिन्न सूचनाओं से पता चला है कि जिले में विद्यालय के रास्तों, विद्यालय परिसर के आसपास मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं हो रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए जिले में संचालित सभी राजकीय, राजकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, निजी विद्यालयों का संचालन सुबह दस बजे से तीन बजे तक होगा।
वहीं आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को इस आदेश को लागू करवाने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश 15 जनवरी तक लागू रहेगा। आदेश की अवहेलना पर संबंधित के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


