जिलाधिकारी ने बड़ी जात के प्रतिनिधियों को भेंट वार्ता के लिए बुलाया, अब वसंत पंचमी को दिनपट्टा से पहले होगा यह महत्वपूर्ण काम–
गोपेश्वर, 20 जनवरी 2026: मां नंदा के सिद्धपीठ कुरुड़ से मां नंदा की बड़ी जात के आयोजन के एलान के बाद चमोली जिला प्रशासन से लेकर शासन में खलबली मच गई है। चमोली जिला प्रशासन अलर्ट मोड़ में आ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आनन-फानन में नंदा की बड़ी जात समिति की बैठक बुलाकर भेंट वार्ता की। जिलाधिकारी ने कहा कि 23 जनवरी को वसंत पंचमी के दिन बड़ी जात का दिनपट्टा घोषित होने से पहले नंदा राजजात समिति नौटी और बड़ी जात समिति के बीच बैठक आयोजित कर एकराय बनाई जाएगी।
19 जनवरी, सोमवार को नंदानगर के विकास खंड सभागार में मां नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ से जुड़े हक-हकूकधारी, दशोली, बधाण, लाता और बंड डोली के हक-हकूकधारियों की महापंचायत आयोजित हुई। महापंंचायत ने निर्णय लिया कि 2026 में मां नंदा की बड़ी जात का आयोजन किया जाएगा।
इस महापंचायत में वक्ताओं ने शासन-प्रशासन को खरी-खरी सुनाई और बड़ी जात के आयोजन का निर्णय लिया। सभी का समर्थन लिया गया। इसी दौरान बड़ी जात समिति का गठन भी किया गया और सेवानिवृत कर्नल हरेंद्र सिंह रावत को अध्यक्ष चुना गया। समिति के बड़ी जात के आयोजन के निर्णय के बाद शासन-प्रशासन में खलबली मच गई। जिलाधिकारी ने बड़ी जात समिति के पदाधिकारियों को मंगलवार को बैठक के लिए बुलाया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि 23 जनवरी को वसंत पंचमी से पहले राजजात और बड़ी जात समिति के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी। जिला प्रशासन इसकी मध्यस्थता करेगा। बैठक में मां नंंदा डोली समिति के अध्यक्ष अशोक गौड़, नरेश गौड़, सुखवीर रौतेला, कुंदन सिंह, कृपाल सिंह, गौर सिंह, दीवान सिंह नेगी, हर्षवर्द्धन सिंह, भगवती देवी, भगवती प्रसाद मैंदोली शामिल रहे।


