सरकार को चेताएंगे योग प्रशिक्षित, विद्यालयों में योग विषय शुरू करने और नियुक्ति की मांग कर रहे प्रशिक्षित —
गोपेश्वरः चमोली जनपद के योग प्रशिक्षितों ने विद्यालयों में योग विषय को अनिवार्य विषय घोषित करने और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। आक्रोशित योग प्रशिक्षितों ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। नगर में हुई बैठक में योग प्रशिक्षित महासंघ के जिलाध्यक्ष संदीप शाह ने कहा कि लंबे समय से योग प्रशिक्षित योग विषय में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कहा गया कि विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में योग का डिप्लोमा और डिग्री प्रतिवर्ष दी जा रही है, जिससे योग प्रशिक्षितों की फौज खड़ी हो गई है, लेकिन अभी तक नियुक्ति प्रक्रिया की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का बहिष्कार किया जाएगा और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर महासंघ के उपाध्यक्ष मंजूलता रावत, शांति प्रसाद नौटियाल, प्रमोद सेमवाल, रोहित बिष्ट, संगीता नेगी, रंजीता, गीता, प्रेम प्रकाश आदि मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने समस्त योग प्रशिक्षितों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष का एलान किया है।

