पेंशन प्रकाश यात्रा के पहुंचने पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश प्रसाद ने कही ये बातें–
गोपेश्वरः राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर हरिद्वार से शुरू हुई पेंशन प्रकाश यात्रा शुक्रवार को गोपेश्वर पहुंची। यहांं जिला पंचायत सभागार में यात्रा एक गोष्ठी और पत्रकार वार्ता में तब्दील हुई। इस दौरान संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश प्रसाद ने कहा कि पूरे देश में पेंशन को लेकर एक विधान होना चाहिए। सांसद और विधायकों को कई पेंशन मिल रही हैं, लेकिन 60 साल सेवा करने के बाद कर्मचारियों को पेंशन विहीन कर दिया गया है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय में असमानता बताया। यात्रा में शामिल मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि वह पुरानी पेंशन बहाली के लिए लगातार प्रयासरत हैं। यात्रा के जरिए सभी जिलों से समर्थन जुटाया जा रहा है। जिसमें कार्मिकों, समाज सेवी और शिक्षकों के हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। जिसे बाद में केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।
मोर्चे के जिलाध्यक्ष पूरण सिंह फरस्वाण ने कहा कि नई पेंशन योजना से सेवानिवृत्त होने के बाद एक दिन का भी गुजारा संभव नहीं है। राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केके डिमरी ने ने कहा कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड में पुरानी पेंशन लागू कर दी गई है, लेकिन उत्तराखंड सरकार उनकी मांग पूरी नहीं कर रही है। यात्रा के गोपेश्वर पहुंचने पर आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान मुकेश प्रसाद बहुगुणा, योगेश घिल्डियाल, पंकज ध्यानी, दाताराम भट्ट, राजेश कुकरेती, सुबोध नेगी आदि मौजूद रहे। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष करने का एलान किया।


