अनिश्चितकालीन धरना किया शुरू, चेतावनी दी, अब शिक्षकों के आने पर ही तोड़ेंगे आंदोलन–
नंदानगरः ढोल-दमाऊं के साथ राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट के अभिभावक नंदानगर तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि अब शिक्षकों के आने के बाद ही आंदोलन स्थगित किया जाएगा।
ग्राम प्रधान घूनी लखपत सिंह, प्रधान रामणी सूरज सिंंह पंवार और प्रधान पडेरगांव पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीनों गांवों के ग्रामीण ढोल दमाऊं और भंकोरे के साथ नंदानगर बाजार में पहुंचे। यहां जुलूस के साथ ग्रामीण तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां शिक्षा विभाग और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
बाद में मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सती देवी भी पहुंची। उन्होंने भी आंदोलन का समर्थन कर पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। पहले दिन देवेंद्र सिंह, लाल सिंह, हरीश चंद्र, बलवीर सिंह, खिलाफ सिंह, मोहन सिंह, धूनी के मोहन सिंह, जगदीश सिंंह, सुवेंंद्र सिंंह, भागवत सिंंह, दिनेश सिंंह, राजेंद्र सिंह, गोविंद राम, रिठुवा लाल, महिपाल सिंह, महेंद्र सिह, दुलप सिंह, पुष्कर सिह, त्रिलोक सिंह आदि अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। इस मौके पर मनोज सिंंह, संजय प्रसाद, दिनेश, जयदीप नेगी, रमेश प्रसाद, उमराव सिंह, महेंद्र सिंह, मोतीलाल, हर्षराम, रिठुवा लाल, विक्रम, मोहन सिंंह आदि मौजूद रहे।
आंंदोलनकारी ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में शिक्षकों की तैनाती करने, स्थाई प्रधानाचार्य की नियुक्ति करने और कर्मचारियों की तैनाती की मांग उठाई है। कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।


