चमोली जनपद में अभी भी तीन सड़कें बंद, थराली, देवाल क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में हो रही दिक्कत–
गोपेश्वर: भूस्खलन से पिछले दो दिनों से क्षतिग्रस्त नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग देा दिन तक बाधित रहने के बाद सुचारु हो गई है। जिससे क्षेत्र के करीब 150 गांवों के ग्रामीणों को राहत मिली है। सड़क बंद हाेने से ग्रामीण करीब पांच किलोमीटर पैदल आवाजाही कर रहे थे।
जनपद में बंद सात सड़कों में से चार सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई हैं, जबकि तीन सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग मंगलवार को दूसरे दिन रात करीब साढे़ नौ बजे छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खुल गया है। जबकि परखाल-सिलोड़ी, मुंदोली-कांडई और नंदकेशरी-देवसारी सड़कें अभी भी अवरुद्ध पड़ी हैं।
भारी बारिश से जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली 37 सड़कें अवरुद्ध हो गई थी। जिनमें से मंगलवार तक 34 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी का कहना है कि सड़कों को खोलने का काम जारी है।
सड़कें अवरुद्ध होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद में हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। हालांकि नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। मंगलवार को चमोली तहसील में 11.5 एमएम, कर्णप्रयाग में 7 एमएम, जोशीमठ में 0.6 एमएम और नंदानगर में सबसे अधिक 20 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। जिले की प्रमुख नदियां अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं।


