तीर्थयात्रियों ने ली राहत की सांस, प्रशासन ने यात्रियों को रात्रि ठहरने की व्यवस्था की, कुछ यात्री रातभर हाईवे खुलने का करते रहे हाईवे पर इंतजार–
गोपेश्वर: बदरीनाथ हाईवे सुचारु हो गया है। छिनका में बृहस्पतिवार को सुबह से ही बंद पड़ा हाईवे 17 घंटे बाद सुचारु हुआ। कई तीर्थयात्री रातभर हाईवे के खुलने का इंतजार करते रहे। जिला प्रशासन की ओर से हाईवे न खुलने की स्थिति में तीर्थयात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था कराई गई।
रातभर हाईवे को खोलने का काम जारी रहा। जिसके बाद शुक्रवार को तड़के 3 बजकर 30 मिनट पर हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से सबसे पहले पीलकोटीव बिरही की ओर फंसे यात्रा वाहनों को गंतव्य की ओर भेजा गया, बाद में चमोली की ओर फंसे वाहनों को भेजा गया। हाईवे खुलनेे पर तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों और सेना के जवानों ने राहत की सांस ली है।
बदरीनाथ हाईवे छिनका में बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजकर 49 मिनट पर पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया था। यहां भारी मात्रा में आए मलबे को साफ करने के लिए एनएचआईडीसीएल की ओर से तीन मशीनें लगाई गई। देर शाम तक भी हाईवे सुचारु न होने के कारण चमोली जिला प्रशासन की ओर से पीपलकोटी, बिरही और चमोली में तीर्थयात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था की। पीपलकोटी की ओर से फंसे 100 से अधिक छोटे वाहनों को सैंजी लग्गा बेमरु मोटर मार्ग से भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे खोलने का काम रातभर चलता रहा। हाईवे खुलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।


