बागेश्वर चुनाव की जीत पर भाजपाईयों ने नारेबाजी कर की आतिशबाजी, एक दूसरे को खिलाई मिठाईयां–
चमोली: बागेश्वर में विधानसभा उपचुनाव जीतने पर शुक्रवार को चमोली जनपद में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई गई। गोपेश्वर, जोशीमठ, नंदप्रयाग, पोखरी, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण आदि क्षेत्रों में भाजपाईयों ने खुशियां मनाई।
भाजपा महिला मोर्चे की जिलाध्यक्ष डॉ. हिमानी वैष्णव ने कहा कि बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदनराम दास के कार्यों पर केंद्रीत रहा। उन्होंने बागेश्वर के दूर-दराज के गांवों तक विकास कार्यों को करवाया। गांवों को सड़क, संचार, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा, जिसका परिणाम रहा कि भाजपा को जनता ने अपना समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव फतह करने में मातृशक्ति का भी बढ़ा योगदान रहा। अब निकाय और लोकसभा चुनाव में भी भाजपा इसी तर्ज पर चुनाव फतह करेगी। गोपेश्वर में नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा पासवान, चमोली जिला भेषज संघ अध्यक्ष सत्येंद्र असवाल, जिला पंचायत सदस्य विक्रम बर्त्वाल, विनोद कनवासी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह, चंद्रकला तिवारी, नगर पालिका सभासद उपेंद्र भंडारी, राकेश लाल खनेड़ा आदि मौजूद रहे। इधर, चमोली बाजार में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बागेश्वर की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है। केंद्र और राज्य सरकारें निरंतर जनहित में विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रहे हैं, जिनका जनता को लाभ पहुंच रहा है।