नंदानगर में रामलीला के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, मंडल घाटी में गढ़वाली बोली में हो रहा मंचन–
गोपेश्वर: चमोली जनपद के शहरों से लेकर गांव-गांव में रामलीला का भव्य मंचन चल रहा है। नंदप्रयाग, नंदानगर, पीपलकोटी, सैकोट, मंडल घाटी और गोपेश्वर गांव में रामलीला मंचन चल रहा है। पीपलकोटी में श्रीराम द्वारा शिव का धनुष तोड़ने के बाद सीता स्वयंबर का मनमोहक मंचन किया गया। रामलीला के मंचन का मुख्य आकर्षण सीता स्वंयवर में देश-देशांतर के राजाओं के समसामयिक घटनाओं पर आधारित चुटिले संवाद रहे।
सीता स्वयंवर में राजाओं द्वारा धनुष नहीं टूटने पर राजा जनक के विलाप पर दर्शक अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए। राजा जनक अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम आरती में दर्शकों ने भक्तिभाव से शीश झुकाए। नंदप्रयाग में रामलीला मंचन के अध्यक्ष डॉ. सौरभ वैष्णव ने बताया कि रामलीला मंचन को देखने के लिए दर्शकों की काफी भीड़ जुट रही है।
मंडल घाटी में आयोजित रामलीला गढ़वाली बोली में चल रही है, जिसे दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। इधर, गोपेश्वर गांव में श्री रुद्रेश रामलीला मंडली की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। नंदानगर में आयोजित रामलीला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। यहां लोकगायिका ने विभिन्न गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियां दी।


