डाक विभाग ने दी सुविधा, इन तीन मुख्य डाकघरों में लगेंगे विशेष कैंप, पोस्टमास्टर करेंगे निगरानी–
गोपेश्वर, 09 नवंबर 2024: डाक विभाग ने पोस्टऑफिस में भी पेंशनर्स को जीवन प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई है। अब पेंशनर्स को प्रमाण पत्र बनाने के लिए बैंकों में लाइन में खड़े नहीं रहना पड़ेगा। डाक अधीक्षक टीएस गुसांई ने बताया कि प्रतिवर्ष नवंबर माह में पेंशनरों द्वारा जीवन प्रमाणपत्र बनाया जाता है।
इस वर्ष से चमोली और रुद्रप्रयाग के डाकघरों में भी पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेंशनर अपने नजदीकी डाकघरों में जीवन प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि गोपेश्वर, कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग के मुख्य डाकघरों में कैंप के माध्यम से भी जीवन प्रमाणपत्र बनवाए जा रहे हैं। पोस्टमास्टर को इस कार्य पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


