सांकेतिक फोटो-
प्रधान के गांव की नाबालिग को किसी युवक द्वारा ले जाने के मामले में थाने आए थे प्रधानजी, खुद छेड़खानी में फंसे–
गोपेश्वर, 02 जनवरी 2026: चमोली जनपद के एक गांव में ग्राम प्रधान अपने गांव की नाबालिग को गांव के ही एक युवक द्वारा ले जाने के मामले में जनप्रतिनिधि के नाते थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने आए थे। मगर ग्राम प्रधान के थाने से चले जाने के बाद शाम को गांव की ही एक युवती ने प्रधान पर यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
युवती की तहरीर के आधार पर गोपेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि युवती ने ग्राम प्रधान पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल को सौंपी गई है।
इधर, चमोली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास ने बताया कि नाबालिग को भगाने के मामले में परिजनों ने शिकायत दी, जिस पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। नाबालिग खुद ही घर आ गयी थी। नाबालिग के मामले में जांच की जा रही है।


