हिमाचल के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक जीते, दूसरे दिन सेना और हिमाचल की टीमों का रहा दबदबा–
औली (चमाेली), 14 फरवरी 2026: नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप में दूसरे दिन शनिवार को भी हिमाचल प्रदेश के साथ ही सेना के खिलाड़ी छाए रहे। हिमाचल की टीम तीन गोल्ड मैडल के साथ अब तक नौ पदक अपने नाम कर चुकी है।
दूसरे दिन पुरुष वर्ग में सेना और महिला वर्ग में हिमाचल की टीमों ने पदक हासिल किए। पांच प्रतियोगिताओं में हिमाचल की टीम ने दो स्वर्ण, दो कांस्य और दो रजत पदक जीते, जबकि एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक वह पहले ही दिन जीत चुके हैं।
सेना की पुरुष टीम ने दूसरे दिन दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। तीसरे नंबर पर जम्मू कश्मीर ने एक स्वर्ण जीता। जबकि चौथे नंबर पर रहते हुए उत्तराखंड ने एकमात्र कांस्य पदक जीता है।
चैंपियनशिप के दूसरे दिन आठ नंबर टावर से जायंट सलालम पुरुष वर्ग में 45, स्नो बोर्ड पुरुष वर्ग में 32, महिला वर्ग में चार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। वहीं दस नंबर टावर के पास से स्की माउंटेनियरिंग प्रतियोगिता हुई, जिसके पुरुष वर्ग में 25 और महिला वर्ग में 12 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। रविवार को चैंपियनशिप का समापन हो जाएगा।


